पी.एम. श्री विद्यालय कोठवार, करंजाकला में जनपद स्तरीय कार्यक्रम सम्पन्न

विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए नवाचार आधारित विचार और सांस्कृतिक कार्यक्रम
(सोहराब)

जौनपुर, 13 अक्टूबर 2025। “विकसित भारत बिल्डाथन 2025” के तहत जनपद स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन सोमवार को पी.एम. श्री विद्यालय, कोठवार (ब्लॉक करंजाकला) में बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में जिलेभर से शिक्षकों, विद्यार्थियों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुनील यादव ‘मम्मन’ ने माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर किया। इसके बाद राष्ट्रीय सजीव प्रसारण (लाइव यू-ट्यूब सेशन) के माध्यम से देशभर के विद्यालयों को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से जोड़ा गया।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने संबोधन में कहा कि “विकसित भारत बिल्डाथन 2025 का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर नवाचार को प्रोत्साहन देना है। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपने विचारों, थीम और सृजनात्मक उत्पादों के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का अवसर प्रदान करेगा।” उन्होंने कहा कि देश के भावी नागरिकों को शिक्षा के साथ-साथ स्वदेशी उत्पादों के निर्माण और तकनीकी कौशल में भी निपुण बनाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
यू-ट्यूब सत्र के बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने विकसित भारत की अवधारणा पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। बच्चों ने अपने विचारों, गीतों और नाट्य मंचन के माध्यम से “नवाचार, आत्मनिर्भरता और स्वदेशी विकास” की झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद शिक्षकों और अभिभावकों ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।
मुख्य अतिथि सुनील यादव (मम्मन) ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नवाचार की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि “बिल्डाथन जैसा कार्यक्रम बच्चों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करता है और उन्हें स्वदेशी सोच के साथ सृजनात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।”
खंड शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार यादव ने कार्यक्रम के महत्व पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए बताया कि विकसित भारत बिल्डाथन का मुख्य उद्देश्य शिक्षा को प्रयोगात्मक और रचनात्मक बनाना है। उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को इस दिशा में मार्गदर्शन देकर उन्हें देश के विकास अभियानों से जोड़ें।वहीं पूर्व ए.आर.पी. सुशील उपाध्याय ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बिल्डाथन कार्यक्रम विद्यार्थियों की प्रतिभा को सामने लाने का एक सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम का संचालन नूपुर श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर नीरज श्रीवास्तव (नगर खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय), डी.सी. विशाल उपाध्याय, खंड शिक्षा अधिकारी करंजाकला श्रवण कुमार यादव, एस.आर.जी. कमलेश कुमार यादव, एस.आर.जी. अजय मौर्या, समस्त एस.आर.पी. एवं करंजाकला ब्लॉक के सभी प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों एवं शिक्षकों को बिल्डाथन कार्यक्रम की जानकारी और आगामी चरणों में भागीदारी हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

Post a Comment

0 Comments