जौनपुर, 03 अक्टूबर 2025 प्रदेश को वर्ष 2047 तक विकसित राज्य बनाने के संकल्प के तहत मुख्यमंत्री जी द्वारा “समर्थ उत्तर प्रदेश–विकसित उत्तर प्रदेश 2047” अभियान की शुरुआत की गई है। इस महत्वाकांक्षी मिशन का उद्देश्य नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर एक समृद्ध, सक्षम और वैश्विक स्तर पर सम्मानित उत्तर प्रदेश का निर्माण करना है।
इस अभियान के तहत तैयार होने वाले विजन डॉक्यूमेंट में नागरिकों द्वारा दिये गये सुझावों में से तीन प्रमुख सुझावों को शामिल किया जाएगा। जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि वर्तमान में समर्थ पोर्टल पर सर्वाधिक सुझाव देने में जौनपुर प्रदेश में तीसरे स्थान पर है। उन्होंने जिलेवासियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि
“यदि हम सब मिलकर अधिक से अधिक सकारात्मक सुझाव देंगे, तो जौनपुर निश्चित रूप से प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करेगा और विकसित उत्तर प्रदेश की परिकल्पना में अग्रणी भूमिका निभाएगा।”
मुख्यमंत्री जी ने हाल ही में वीसी के माध्यम से जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं ग्राम प्रधानों से संवाद करते हुए आमजन से सकारात्मक सुझाव देने की अपील की। जिलाधिकारी ने भी जनपदवासियों से आग्रह किया कि वे समर्थ पोर्टल पर अपने विचार अवश्य साझा करें, जिससे 2047 तक विकसित भारत की अवधारणा को साकार करने में सभी की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
तीन मुख्य थीम पर फोकस
विजन डॉक्यूमेंट में अर्थ शक्ति, सृजन शक्ति और जीवन शक्ति नामक तीन प्रमुख थीम तथा 12 सेक्टर पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है। इसका उद्देश्य है—जनमानस में जागरूकता बढ़ाना, नागरिकों की आकांक्षाओं को सुनना और उन्हें प्रदेश की विकास यात्रा का सहभागी बनाना।
सुझाव भेजने की प्रक्रिया
नागरिक अपने सुझाव समर्थ पोर्टल https://samarthuttarpradesh.up.gov.in पर सीधे दर्ज कर सकते हैं। पोर्टल को मोबाइल और कंप्यूटर, दोनों से आसानी से एक्सेस करने की सुविधा उपलब्ध है। साथ ही क्यूआर कोड स्कैन कर भी सुझाव साझा किए जा सकते हैं। प्रतिभागियों को पोर्टल पर मोबाइल ओटीपी के माध्यम से लॉगिन कर विषय का चयन कर अपना विचार दर्ज करना होगा।
सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी
यह अभियान किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है। विद्यार्थी, शिक्षक, किसान, व्यापारी, उद्यमी, श्रमिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं, मीडिया और आम नागरिक—सभी को इसमें भागीदारी का अवसर दिया गया है। लक्ष्य यह है कि प्रत्येक परिवार से कम से कम एक फीडबैक अवश्य प्राप्त हो, ताकि राज्य का विजन व्यापक और सर्वसमावेशी बन सके।
0 Comments