17वां देव दीपावली महोत्सव भव्य रूप से संपन्न, रंगोली, पूजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा गोकुल घाट
जौनपुर।गंगा महोत्सव और देव दीपावली के पावन अवसर पर मंगलवार की शाम जौनपुर का ऐतिहासिक गोकुल घाट दीपों की जगमगाहट से आलोकित हो उठा। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी यहां 17वां देव दीपावली महोत्सव अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बच्चों द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोलियों से हुआ, जिन्होंने घाट की सुंदरता में चार चांद लगा दिए। रंगोली का अवलोकन समाजसेविका उर्वशी सिंह, रजनी साहू और स्वर्णिम जायसवाल ने किया। इसके उपरांत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आदि गंगा गोमती की पूजा-अर्चना कर दीपदान कार्यक्रम आरंभ हुआ।
घाट की सीढ़ियों पर जलते हजारों दीपों ने वातावरण को आध्यात्मिक प्रकाश से आलोकित कर दिया। इस दौरान भक्ति संगीत, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में ज्ञान प्रकाश सिंह, तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में डा. क्षितिज शर्मा, निखिलेश सिंह और विमल सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मनोरमा मौर्या ने की।
इस अवसर पर देव दीपावली महोत्सव समिति के संस्थापक आनन्द कुमार मिश्र, महासचिव मनीष कुमार गुप्ता, अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष सुरेश चन्द्र गुप्ता सहित समिति के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रात होते-होते गोमती तट दीपों की अनगिनत पंक्तियों से जगमगा उठा। श्रद्धा, संगीत और प्रकाश के संगम से सजा यह दृश्य दर्शकों के लिए अविस्मरणीय बन गया।

0 Comments