जौनपुर। व्यापार मण्डल का एक प्रतिनिधिमंडल नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राधेरमण जायसवाल के नेतृत्व में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के जौनपुर आगमन पर शिष्टाचार मुलाकात करते हुये मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन देते हुये अपनी मांगें रखीं। कहा गया कि वृद्ध व्यापारियों के लिये 60 वर्ष के बाद पेंशन योजना शुरू किया जाना चाहिये। कोई भी व्यापारी अपने व्यापारी जीवन के दौरान जितने रुपये भी आयकर जमा किया हो, उसका कुछ प्रतिशत 60 वर्ष के बाद उसी व्यापारी को जीवन यापन के लिये मिलना चाहिये। चूंकि समय से आयकर जमा करते हुये देश के विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान होता है, इसलिये सरकार को उपयुक्त दोनों मांगों पर गंभीरता से ध्यान देकर अतिशीघ्र मूर्त रूप देना चाहिये।
ज्ञापन लेते हुये कैबिनेट मंत्री ने कहा कि व्यापार मण्डल द्वारा सभी मांग न्याय संगत है। देश के विकास में व्यापारी हमेशा सहयोगी रहा है। व्यापारियों को उनका हक अवश्य मिलना चाहिये। उन्होंने इस महत्वपूर्ण मुद्दे को सदन में उठाने का भी आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि मुख्यमंत्री जी को मांगों को गम्भीरतापूर्वक संज्ञान में देते हुये उचित निर्णय के लिये निवेदित भी करूंगा। इसके पहले जिला पदाधिकारी रमेश बरनवाल ने मंत्री जी का माल्यार्पण करते स्वागत किया।
प्रतिनिधिमण्डल में नगर वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष साहू, नगर महामंत्री मुन्ना लाल अग्रहरि, शैलेन्द्र सिंह, सरदार रंजीत सिंह, जितेन्द्र जायसवाल, सरदार मनमोहन सिंह, विशाल बरनवाल, राजेश जायसवाल, रसाल बरनवाल, सौरभ बरनवाल, राजेन्द्र स्वर्णकार, शुभम बरनवाल, चन्द्र प्रकाश जायसवाल सहित अन्य व्यापारी शामिल रहे।

0 Comments