जौनपुर। समग्र शिक्षा अभियान, पीएम श्री योजना एवं निपुण भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित “हमारा आंगन–हमारे बच्चे” कार्यक्रम तथा पीएम श्री योजना के अंतर्गत चयनित विद्यालयों हेतु जनपद स्तरीय खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम शुक्रवार को खेल मैदान, मो० हसन इंटर कॉलेज, जौनपुर में धूमधाम से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डॉ० दिनेश चंद्र रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना की। अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने सरकार की योजनाओं के बारे में बताया और कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों से उनमें आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ० गोरखनाथ पटेल की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जनपद में निपुण कार्यक्रम के अंतर्गत सराहनीय कार्य किया गया है। बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु कार्य कर रहे सभी शिक्षकों के कार्यों की भी प्रशंसा की गई।
कार्यक्रम में पीएम श्री योजना के अंतर्गत चयनित विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। साथ ही समूह नृत्य, देशभक्ति गीत, नाटक एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित भी किया गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ गोरखनाथ पटेल ने लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि “हमारा आंगन–हमारे बच्चे” कार्यक्रम के माध्यम से बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने, अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाने तथा विद्यालयों को सशक्त शैक्षिक केंद्र के रूप में विकसित करने का संदेश देना है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा की गुणवत्ता सुधार, निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों की प्राप्ति तथा खेल-संस्कृति के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया गया।
प्राचार्य डॉ अब्दुल कादिर खान ने आभार व्यक्त किया और बेसिक शिक्षा विभाग की खूब सराहना किया। पीएम श्री खेलकूद प्रतियोगिता में प्राथमिक स्तर बालक वर्ग 100 मीटर की दौड़ में आर्यन पीएम श्री विद्यालय असवा से उच्च प्राथमिक स्तर 100 मीटर दौड़ में निकेश राज पी एम श्री विद्यालय नूरपुर, बालिका वर्ग 100 मीटर दौड़ में शिवांगी को पीएम श्री विद्यालय कोठवार , बालक वर्ग कबड्डी में मडियाहू तहसील प्रथम स्थान, गायन में पीएम श्री मयदीपुर प्रथम स्थान तथा सामूहिक नृत्य प्रदर्शन पीएम श्री नूरपुर ने प्राप्त किया ।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) विशाल कुमार, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी आलोक कुमार गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ० गोरखनाथ पटेल, सहित समस्त शिक्षा विभाग के अधिकारियों, डायट प्रवक्ताओं, एसआरजी टीम एवं शिक्षकगण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा और बड़ी संख्या में अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। यह आयोजन जनपद में शिक्षा, खेल और संस्कृति के समन्वित विकास की दिशा में एक सफल एवं प्रेरणादायक पहल साबित हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन नूपुर श्रीवास्तव के द्वारा किया गया।

0 Comments