जौनपुर, 12 फरवरी 2026। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में आज एक राजस्व प्रकरण का त्वरित निस्तारण कर प्रशासन ने संवेदनशीलता और पारदर्शिता का परिचय दिया।
ग्राम हुसेपुर, तहसील सदर निवासी रामफेर प्रजापति पुत्र घुटई ने जनसुनवाई में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर अवगत कराया कि पूर्व में उनका नाम खतौनी में दर्ज था, किंतु परिवार के अन्य खातेदारों की मृत्यु के पश्चात वरासत दर्ज करते समय उनका नाम हटाकर राधेश्याम के उत्तराधिकारियों का नाम अंकित कर दिया गया। इस त्रुटि के कारण वे कई वर्षों से परेशान थे।
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने तत्काल उपजिलाधिकारी सदर एवं संबंधित राजस्व अधिकारियों को अभिलेखों की गहन जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी एवं निष्पक्ष हो तथा निर्धारित समयावधि में आख्या प्रस्तुत की जाए, जिससे पात्र व्यक्ति को न्याय मिल सके।
जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र एक घंटे के भीतर प्रकरण का निस्तारण कर दिया गया। अभिलेखों का परीक्षण उपरांत खतौनी में रामफेर का नाम पुनः दर्ज कराया गया तथा जनसुनवाई कक्ष में ही उन्हें संशोधित खतौनी की प्रति उपलब्ध करा दी गई।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि राजस्व अभिलेखों में यदि किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाए तो उसे तत्काल संज्ञान में लेकर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
खतौनी प्राप्त कर फरियादी रामफेर प्रजापति ने जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शासन-प्रशासन को धन्यवाद दिया।

0 Comments