कब्रिस्तान में समझौते के बीच बवाल: डॉ. सरफराज़ खान घायल, तीन आरोपी गिरफ्तार

कब्रिस्तान में समझौते के बीच बवाल: डॉ. सरफराज़ खान घायल, तीन आरोपी गिरफ्तार
जौनपुर के ज़फ़राबाद नगर पंचायत में बुधवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब कब्रिस्तान में दफन को लेकर चल रहे विवाद को सुलझाने पहुँचे चेयरमैन प्रतिनिधि डॉ. सरफराज़ खान पर दबंगों ने हमला बोल दिया।
बताया जाता है कि दिनांक 25 फरवरी 2026 को शाम लगभग 5 बजे कब्रिस्तान में मुर्दा दफन करने को लेकर आसिफ और शाह आलम पक्ष के बीच तनाव बढ़ गया था। हालात बिगड़ते देख डॉ. सरफराज़ खान मौके पर पहुंचे और मध्यस्थता कर दोनों पक्षों को राज़ी कर लिया। उनकी पहल पर कब्र खोदकर दफन की प्रक्रिया शुरू होने ही वाली थी कि माहौल अचानक गरमा गया।
गाली-गलौज के बाद हमला
आरोप है कि शाह शब्बीर पुत्र महमूद (साकिन शेखवाड़ा, हिसार कोट) ने डॉ. सरफराज़ खान को अपशब्द कहे। इसके बाद साहिल पुत्र रफीक, हशमत पुत्र अफसर और बिलाल पुत्र अफसर ने मिलकर उन पर हाथ-पैर और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में डॉ. सरफराज़ के चेहरे पर चोट आई।
वहीं एक व्यक्ति पर भीड़ को उकसाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि पूर्व में भी डॉ. सरफराज़ के साथ अभद्रता और हमले की घटनाएं हो चुकी हैं।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना के बाद डॉ. सरफराज़ खान ने थानाध्यक्ष ज़फ़राबाद को लिखित तहरीर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ BNS की गंभीर धाराओं 191(2), 115(2), 352, 125(A) और 131 के तहत मुकदमा दर्ज किया।
खबर लिखे जाने तक पुलिस तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि दो अन्य की तलाश में दबिश जारी है।
क्षेत्र में चर्चा का विषय
कब्रिस्तान जैसे संवेदनशील स्थल पर विवाद और बीच-बचाव करने पहुँचे जनप्रतिनिधि पर हमले की घटना से क्षेत्र में रोष व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले में निष्पक्ष जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
#jaunpur #zafrabad #Kabrastan #viralreelschallenge

Post a Comment

0 Comments