उत्तर पट्टी रनों में इमाम अली की शहादत पर ताबूत व अलम का निकला जुलूस
जौनपुर। जनपद के उत्तर पट्टी रनों स्थित इमामबाड़ा में शिया समाज के पहले इमाम हजरत इमाम अली अलैहिस्सलाम की शहादत की याद में अकीदत के साथ मजलिस का आयोजन किया गया। मजलिस में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत कर मौला अली को खिराज-ए-अकीदत पेश किया।
मजलिस को खिताब करते हुए मौलाना हसन अकबर खान ने हजरत इमाम अली के जीवन, उनके इंसाफ, सादगी और इंसानियत के पैगाम पर विस्तार से रोशनी डाली। उन्होंने कहा कि मौला अली पूरी इंसानियत के लिए अमन, इंसाफ और सच्चाई का पैगाम लेकर आए थे। उन्होंने लोगों से अपील की कि मौला अली के बताए हुए रास्ते पर चलकर समाज में भाईचारा, न्याय और इंसानियत को मजबूत करें।
मजलिस के बाद इमामबाड़े से ताबूत व अलम का जुलूस निकाला गया। जुलूस में शामिल अंजुमनों ने नोहा-ख्वानी और मातम किया, जिससे पूरा माहौल गमगीन हो गया। या अली और या हैदर की सदाओं के बीच अकीदतमंदों ने मौला अली की शहादत को याद कर अश्कबार होकर मातम किया।
इस अवसर पर जनाब हाजी गौहर अली खान, जनाब जमा खान साहब, जनाब ताहिर अब्बास राजू, जनाब एहतेशाम हैदर सहित बड़ी संख्या में मौला अली के चाहने वाले मौजूद रहे। सभी ने मजलिस में शिरकत कर मौला अली की शिक्षाओं को अपनाने का संकल्प लिया।
मजलिस और जुलूस के दौरान पूरे इलाके में गम और अकीदत का माहौल बना रहा।

0 Comments