जौनपुर में समाजसेवी डॉ. दिलीप तिवारी पर जानलेवा हमला, लोगों के हस्तक्षेप से टली बड़ी घटना

जौनपुर में समाजसेवी डॉ. दिलीप तिवारी पर जानलेवा हमला, लोगों के हस्तक्षेप से टली बड़ी घटना
जौनपुर। नगर के भंडारी स्थित स्टेशन मिल चौराहे पर रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मिशन ज़िंदगी फाउंडेशन के संस्थापक और समाजसेवी डॉ. दिलीप तिवारी पर अराजक तत्वों ने अचानक हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 7 बजे सिपाह निवासी डॉ. तिवारी स्टेशन मिल चौराहे के पास मौजूद थे, तभी करीब दो दर्जन की संख्या में आए हमलावरों ने उन पर धावा बोल दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर हड़कंप मच गया। हालांकि वहां मौजूद उनके समर्थकों और स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए बीच-बचाव किया, जिससे स्थिति और बिगड़ने से बच गई और उनकी जान बच सकी।
घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाल विश्वनाथ प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर सक्रिय हो गए। पीड़ित पक्ष की ओर से हमलावरों के खिलाफ पुलिस को लिखित तहरीर दे दी गई है।
कोतवाल विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments