रोज़ा इफ़्तार में दिखी गंगा-जमुनी तहज़ीब, सभी समुदायों ने मिलकर किया इफ़्तार

रोज़ा इफ़्तार में दिखी गंगा-जमुनी तहज़ीब, सभी समुदायों ने मिलकर किया इफ़्तार

जौनपुर ।  स्थानीय मोहल्ला बारादुअरिया में मरहूम हैदर अब्बास “आफ़ताब” के आवास पर आयोजित रोज़ा इफ़्तार में गंगा-जमुनी तहज़ीब की खूबसूरत झलक देखने को मिली। इस अवसर पर शहर के विभिन्न समुदायों के लोग एक साथ बैठे और रोज़ा इफ़्तार कर आपसी भाईचारे, मोहब्बत और सौहार्द का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मजलिस से हुई, जिसे संबोधित करते हुए धर्मगुरु मौलाना काज़िम मेहदी उरूज ने अहलेबैत अलैहिस्सलाम की सीरत और उनके बताए हुए रास्ते पर चलने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि रमज़ान का महीना सब्र, इबादत, इंसानियत और जरूरतमंदों की मदद का पैगाम देता है। इस पवित्र महीने में इंसान को अपने अंदर अच्छाइयों को बढ़ाने और समाज में मोहब्बत व भाईचारा कायम करने का प्रयास करना चाहिए।
मजलिस के बाद नमाज़ जमात से अदा की गई, जिसकी इमामत धर्मगुरु मौलाना सफदर हुसैन ज़ैदी ने कराई। नमाज़ से पहले उन्होंने रोज़े की फ़ज़ीलत और उसकी अहमियत पर विस्तार से रोशनी डाली। उन्होंने कहा कि रोज़ा केवल भूखा-प्यासा रहने का नाम नहीं है, बल्कि यह इंसान को सब्र, तक़वा और इंसानियत की राह पर चलने की तालीम देता है।
नमाज़ के बाद सभी रोज़ेदारों और मेहमानों ने सामूहिक रूप से इफ़्तार किया। इफ़्तार के दौरान खजूर, फल, शरबत और अन्य पारंपरिक व्यंजन परोसे गए। 
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद पूर्व सांसद एवं केराकत विधायक तूफानी सरोज ने रोज़ेदारों को मुबारकबाद देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सौहार्द मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि रमज़ान का महीना इंसान को एकता, सेवा और सहिष्णुता का संदेश देता है, और इस तरह के सामूहिक इफ़्तार कार्यक्रम समाज में सकारात्मक माहौल बनाने का काम करते हैं।
इस मौके पर पूर्व विधायक लाल बहादुर यादव , पूर्व सदस्य अल्पसंख्यक आयोग हैदर अब्बास चाँद, पूर्व चेयरमैन दिनेश टंडन, सभासद गप्पू मौर्य , पूनम मौर्य , मिर्ज़ा जावेद सुल्तान , आरिफ हबीब , पूर्व सभासद फैसल यासीन , अफ़रोज़ हुसैनी , मोहम्मद मुस्तफ़ा ,लाल मोहम्मद राईन , लाडले ज़ैदी , फ़ाज़िल सिद्दीकी , माजिद खान , सोमेश्वर केसरवानी, मिर्ज़ा हुमायू आदि के साथ बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य लोग, विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे , अंत मे मोहम्मद अब्बास समर , मज़हर अब्बास रेहान ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया ।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने एक-दूसरे को रमज़ान की मुबारकबाद दी और देश-दुनिया में अमन, शांति और खुशहाली के लिए दुआएँ कीं।

Post a Comment

0 Comments