MP Priya Saroj की पहल पर जलालगंज में शटल एक्सप्रेस का ठहराव 6 मार्च से
आरिफ़ हुसैनी
जौनपुर । मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र की सांसद प्रिया सरोज की पहल पर लखनऊ–वाराणसी सुपर फास्ट शटल एक्सप्रेस (20401/20402) का ठहराव अब जलालगंज रेलवे स्टेशन पर सुनिश्चित हो गया है। यह ठहराव 6 मार्च से प्रभावी होगा, जिससे क्षेत्रीय यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
लोकसभा में उठाया था मुद्दा
क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए सांसद प्रिया सरोज ने लोकसभा के प्रश्नकाल के दौरान इस विषय को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने रेल मंत्री को लिखित पत्र भी सौंपा, जिसमें जलालगंज स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की आवश्यकता को विस्तार से बताया गया था।
सांसद ने अपने पत्र में कहा था कि मछली शहर लोकसभा क्षेत्र जलालगंज और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को लखनऊ और वाराणसी जाने के लिए अन्य स्टेशनों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त खपत होती है।
उत्तर रेलवे ने जारी किया पत्र
मंगलवार को उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की ओर से प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने आधिकारिक पत्र जारी कर 20401/20402 लखनऊ–वाराणसी सुपर फास्ट शटल एक्सप्रेस के जलालगंज स्टेशन पर ठहराव की पुष्टि की। रेलवे प्रशासन के इस निर्णय से स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है।
6 मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी सांसद
6 मार्च को मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज जलालगंज रेलवे स्टेशन पहुंचकर शटल एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों के उपस्थित रहने की संभावना है।
यात्रियों को होगा सीधा लाभ
लखनऊ और वाराणसी के बीच नियमित यात्रा करने वाले विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा।
आसपास के ग्रामीण इलाकों के यात्रियों को अब लंबी दूरी तय कर अन्य स्टेशनों तक जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
क्षेत्र में आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय नागरिकों ने सांसद प्रिया सरोज के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

0 Comments