जौनपुर, 13 अप्रैल 2026। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति फेज 0.5’ के तहत जनपद में व्यापक स्तर पर जागरूकता एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के निर्देशों के अनुपालन में संचालित किया जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के आदेश तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी नगर के निर्देशन में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (AHT) थाना टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाया गया।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक हरिनाथ भारती, महिला उपनिरीक्षक ज्योति, मुख्य आरक्षी गायत्री प्रसाद यादव, महिला आरक्षी सुरुचि पटेल एवं आरक्षी अविनेश सिंह की टीम ने कोतवाली, लाइनबाजार, खेतासराय, शाहगंज क्षेत्र के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं रोडवेज आदि स्थानों पर सघन चेकिंग की।
चेकिंग में नहीं मिला कोई बालश्रम या भिक्षावृत्ति का मामला
अभियान के दौरान कहीं भी बाल मजदूरी या बाल भिक्षावृत्ति से संबंधित कोई मामला सामने नहीं आया, जिससे प्रशासन ने संतोष व्यक्त किया।
कानूनों के प्रति किया जागरूक
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने आमजन को मानव तस्करी से जुड़े अपराधों की रोकथाम के लिए भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं की जानकारी दी। साथ ही लैंगिक उत्पीड़न (पॉक्सो एक्ट) एवं किशोर न्याय अधिनियम 2015 के प्रावधानों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
लोगों से की अपील
पुलिस टीम ने आमजन से अपील की कि यदि कहीं बालश्रम, बाल विवाह, बाल भिक्षावृत्ति या मानव तस्करी जैसी गतिविधियां दिखें तो तत्काल पुलिस या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दें। थाना AHT प्रभारी का मोबाइल नंबर 9454457741 भी साझा किया गया।
इसके साथ ही पोस्टर एवं पंपलेट वितरित कर सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं टोल-फ्री नंबरों की जानकारी भी दी गई।

0 Comments