कोरोना योद्धा डॉ. दिलीप तिवारी अब चुनावी रण में, जौनपुर की राजनीति में हलचल

कोरोना योद्धा डॉ. दिलीप तिवारी अब चुनावी रण में, जौनपुर की राजनीति में हलचल
जौनपुर । आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर जिले में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सर्वजन सनातन पार्टी ने अपनी तैयारियों को आगे बढ़ाते हुए जौनपुर की प्रमुख विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने जौनपुर सदर विधानसभा सीट से चर्चित समाजसेवी डॉ. दिलीप तिवारी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
डॉ. दिलीप तिवारी मिशन जिंदगी फाउंडेशन ट्रस्ट के संस्थापक हैं और लंबे समय से समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। आम जनता के बीच उनकी पहचान एक कर्मठ और जमीनी समाजसेवी के रूप में है। विशेष रूप से कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने जरूरतमंदों की सहायता के लिए अग्रणी भूमिका निभाई। उस कठिन समय में उन्होंने राहत सामग्री, दवाइयां और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर लोगों की मदद की, जिससे उन्हें व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हुआ।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, डॉ. तिवारी की साफ-सुथरी छवि और जनता के बीच मजबूत पकड़ को देखते हुए उन्हें जौनपुर सदर सीट से प्रत्याशी बनाया गया है। पार्टी का मानना है कि उनकी उम्मीदवारी से चुनाव में सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
वहीं, पार्टी ने जफराबाद विधानसभा सीट से ओमप्रकाश दुबे तथा शाहगंज विधानसभा सीट से गोविंद मिश्र को उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि सभी घोषित प्रत्याशी समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं और क्षेत्र की जनता के बीच उनकी अच्छी पकड़ है।
सर्वजन सनातन पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में विकास, पारदर्शिता और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता दी जाएगी। पार्टी के नेताओं ने विश्वास जताया है कि सभी प्रत्याशी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेंगे और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

Post a Comment

0 Comments