जौनपुर में बिजली व्यवस्था ध्वस्त, आधा दर्जन मोहल्ले अंधेरे में ,एबीसी तार टूटने के बाद भी नहीं हुई मरम्मत, JE बेखबर!
जौनपुर। गर्मी की शुरुआत होते ही जौनपुर नगर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि शहर के कई इलाकों में लोग दिन-रात भीषण बिजली संकट से जूझ रहे हैं। वहीं, बिजली विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही के साथ-साथ अवैध वसूली के गंभीर आरोप भी लग रहे हैं।
नगर के बेगमगंज, पुरानी बाजार, लाल दरवाज़ा, चित्रसारी, बड़ी मस्जिद, पान दरीबा समेत करीब दो दर्जन मोहल्लों में बिजली आपूर्ति लगातार बाधित है। शनिवार सुबह से ही बेगमगंज और लाल दरवाज़ा इलाके की बिजली बार-बार कट रही थी, जिससे लोग पहले से ही परेशान थे।
स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब शनिवार रात करीब 11:30 बजे बेगमगंज चुंगी पर एबीसी तार टूटकर गिर गया। चौंकाने वाली बात यह है कि घंटो बीत जाने के बाद भी तार की मरम्मत नहीं की गई, जिसके चलते लाल दरवाज़ा, बेगमगंज, सम्मोपुर सहित लगभग आधा दर्जन मोहल्ले अब तक अंधेरे में डूबे हुए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात 10 बजे के बाद बिजली व्यवस्था पूरी तरह “राम भरोसे” हो जाती है। फाल्ट होने पर न तो कोई कर्मचारी मौके पर पहुंचता है और न ही कोई जिम्मेदार अधिकारी फोन उठाता है। क्षेत्र के जेई को कई बार फोन किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल तक रिसीव नहीं किया, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।
कई बार कर्मचारी मिलने पर भी वे संसाधनों की कमी का हवाला देकर काम करने से बचते नजर आते हैं। उनका कहना होता है कि “टार्च और सीढ़ी तक उपलब्ध नहीं है।” यह स्थिति विभाग की तैयारियों और जिम्मेदारी पर बड़ा सवाल खड़ा करती है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि दिनभर विभागीय अधिकारी अवैध वसूली में व्यस्त रहते हैं, जबकि जमीनी स्तर पर बुनियादी सुविधाएं जैसे पर्याप्त कर्मचारी, उपकरण और त्वरित मरम्मत व्यवस्था पूरी तरह नदारद हैं।
भीषण गर्मी में बिजली गुल रहने के कारण लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पानी की समस्या, गर्मी और अंधेरे ने हालात को और भयावह बना दिया है।
नागरिकों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने की अपील की है।

0 Comments