सभासद शाहनवाज़ मंज़ूर की मेहनत रंग लाई, रौज़ा अर्ज़न में 39 लाख का ट्यूबवेल शुरू
आरिफ़ हुसैनी
जौनपुर । नगर पालिका परिषद के वार्ड नम्बर 17 रौज़ा अर्ज़न में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। क्षेत्र में लगभग 39 लाख रुपये की लागत से नए ट्यूबवेल निर्माण कार्य का शुभारंभ कर दिया गया। इस परियोजना के शुरू होने से वार्ड के करीब 6000 लोगों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल आपूर्ति का लाभ मिलने की उम्मीद है।
क्षेत्रवासियों ने लंबे समय से पानी की समस्या को लेकर आवाज उठाई थी। गर्मी के मौसम में हालात और भी गंभीर हो जाते थे, जिसके चलते लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ता था। स्थानीय सभासद शाहनवाज़ मंज़ूर ने इस समस्या को नगर पालिका प्रशासन के सामने लगातार मजबूती से उठाया और अधिकारियों से कई दौर की वार्ता की। उनकी लगातार मेहनत और प्रयासों के बाद आखिरकार ट्यूबवेल निर्माण कार्य को मंजूरी मिली और अब कार्य शुरू हो गया है।
निर्माण कार्य प्रारंभ होने पर क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल देखा गया। स्थानीय नागरिकों ने सभासद के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह ट्यूबवेल वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान साबित होगा।
इस मौके पर सभासद शाहनवाज़ मंज़ूर ने कहा,
“रौज़ा अर्ज़न की जनता लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रही थी। मेरा प्रयास हमेशा रहा कि वार्ड के लोगों को बुनियादी सुविधाएं बेहतर तरीके से मिलें। लगातार प्रयास और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने का ही परिणाम है कि आज 39 लाख की लागत से ट्यूबवेल निर्माण कार्य शुरू हो सका है। यह ट्यूबवेल लगभग 6000 लोगों को राहत पहुंचाएगा। आने वाले समय में भी वार्ड के विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करता रहूंगा।”
नगर पालिका के अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि ट्यूबवेल शुरू होने के बाद पानी की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।

0 Comments