जौनपुर: भाजपा नेत्री राखी सिंह की कार में लगी आग, पति संतोष सिंह बाल-बाल बचे

जौनपुर। गुरुवार को भाजपा की सक्रिय नेत्री राखी सिंह की कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना शिकारपुर से लगभग एक किलोमीटर आगे काटा पेट्रोल पंप के पास हुई। बताया जा रहा है कि चलती कार से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते वाहन आग की चपेट में आ गया।
कार में सवार राखी सिंह, उनके पति संतोष सिंह तथा अन्य लोगों ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्थानीय लोगों ने भी तत्काल मदद की। बताया जा रहा है कि चालक सीट पर मौजूद संतोष सिंह को कार का शीशा तोड़कर बाहर निकाला गया, जिससे उनकी जान बच सकी।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। संतोष सिंह पूर्व में सदर जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भी लड़ चुके हैं।
परिजनों और समर्थकों ने इस हादसे में सभी के सुरक्षित बचने को माता रानी और भगवान महादेव की कृपा तथा शुभचिंतकों के आशीर्वाद का परिणाम बताया।

Post a Comment

0 Comments