2 व 3 अगस्त को मनाया जाएगा जौनपुर का ऐतिहासिक चेहल्लुम, हजारों अकीदतमंद होंगे शामिल

जौनपुर। शहर का ऐतिहासिक चेहल्लुम इस वर्ष 2 एवं 3 अगस्त 2026 को पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाएगा। सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार यह आयोजन हमामबाड़ा शेख मुहम्मद इस्लाम मरहूम, पानदरीबा रोड स्थित इमामबाड़े में होगा। हज़रत इमाम हुसैन (अ.स.) और कर्बला के शहीदों की याद में आयोजित होने वाले इस धार्मिक आयोजन में जनपद सहित देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों अकीदतमंदों के शामिल होने की संभावना है।
2 अगस्त को रात्रि 8 बजे इमाम चौक पर ताज़िया रखा जाएगा। इसके बाद शब्बेदारी, मजलिस, नौहा-ख्वानी और विभिन्न स्थानीय एवं बाहरी अंजुमनों द्वारा मातम का सिलसिला पूरी रात जारी रहेगा। प्रातः 5 बजे मजलिस के उपरांत अंजुमन गुलशन-ए-इस्लाम (रजि.) द्वारा आग पर दहकती जंजीरों का मातम किया जाएगा। इस कार्यक्रम का संचालन सैय्यद अकबर हुसैन जैदी एडवोकेट करेंगे।
3 अगस्त को दोपहर 1 बजे मजलिस आयोजित होगी, जिसे सैय्यद नदीम जैदी (फैजाबादी) संबोधित करेंगे। मजलिस के बाद इमामबाड़े से ऐतिहासिक तुर्बत एवं ताज़िए का जुलूस अपने निर्धारित मार्ग पानदरीबा रोड, हमाम दरवाजा, काजी की गली और पुरानी बाजार होते हुए सदर इमामबाड़ा पहुंचेगा। इस कार्यक्रम का संचालन सैय्यद कबीर जैदी करेंगे।
करबलाई मुतवल्ली सैय्यद जाफर हसन जैदी एवं कार्यकारी मुतवल्ली सैय्यद लाडले जैदी ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा प्रशासनिक अधिकारियों को कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दे दी गई है। उन्होंने प्रशासन से पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। साथ ही जनपदवासियों से चेहल्लुम को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है।
आयोजन को सफल बनाने में सैय्यद तनवीर जैदी (मुन्नू), सैय्यद सक़लैन जैदी, सैय्यद अली जैदी (गुड्डू) एवं सैय्यद ताबीर जैदी (राहिल) सहित अन्य पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों का विशेष सहयोग रहेगा।

Post a Comment

0 Comments