जौनपुर 26 जुलाई 2026 - उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ रविवार को जौनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया।
मा० मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के लाइव प्रसारण के माध्यम से प्रदेशव्यापी शुभारंभ के साथ जनपद में भी 20 शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मड़ियाहू विधायक श्री आर.के. पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अजीत प्रजापति, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्री अजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन., मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर, जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नूपुर श्रीवास्तव ने किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक श्री आर.के. पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के सम्मान और उनके सामाजिक सुरक्षा कवच को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना से शिक्षक और उनके परिवार गंभीर बीमारी की स्थिति में आर्थिक चिंता से मुक्त होकर बेहतर उपचार प्राप्त कर सकेंगे।
जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि यह योजना शिक्षकों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक पात्र शिक्षक योजना का लाभ प्राप्त करें तथा कार्ड वितरण की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने कहा कि शिक्षकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा, शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा पात्र शिक्षकों को योजना से जोड़ने की प्रक्रिया निरंतर जारी है तथा सभी को योजना के लाभों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों को योजना की पात्रता, अस्पतालों में मिलने वाली कैशलेस चिकित्सा सुविधा तथा स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर जनपद के 20 शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड प्रदान किए गए।
इस योजना के माध्यम से प्रदेश के 1.28 लाख से अधिक शिक्षकों एवं उनके आश्रित परिवारों को सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे शिक्षकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

0 Comments