जौनपुर में सपा की सियासत गरम! शिवपाल-तूफानी की बंद कमरे में लंबी बैठक, क्या 2027 की बिसात बिछ गई?

जौनपुर में सपा की सियासत गरम! शिवपाल-तूफानी की बंद कमरे में लंबी बैठक, क्या 2027 की बिसात बिछ गई?

आरिफ़ हुसैनी 

जौनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश की राजनीति के अनुभवी नेता शिवपाल सिंह यादव ने सोमवार को जौनपुर के केराकत विधायक और पूर्व सांसद तूफानी सरोज के करखियाव स्थित आवास पर पहुंचकर उनसे महत्वपूर्ण मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे से अधिक समय तक बंद कमरे में अकेले बातचीत हुई। इस मुलाकात के बाद जिले की राजनीतिक फिजा अचानक गर्म हो गई और राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
बैठक के दौरान मीडिया और अन्य लोगों को कमरे से बाहर रखा गया। बातचीत समाप्त होने के बाद भी दोनों नेताओं ने चर्चा के विषय पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया। इसी वजह से इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक विश्लेषकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच अलग-अलग तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में जौनपुर की राजनीतिक स्थिति, संगठन की मजबूती, बूथ स्तर की तैयारियां, संभावित राजनीतिक समीकरण और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा हुई। 
तूफानी सरोज समाजवादी पार्टी के उन नेताओं में शामिल हैं जिनकी पूर्वांचल, विशेषकर जौनपुर की राजनीति में मजबूत पकड़ मानी जाती है। वे लगातार तीन बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं और वर्तमान में केराकत विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उनकी बेटी एडवोकेट प्रिया सरोज मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी की सांसद हैं। ऐसे में सरोज परिवार को जिले में सपा का एक मजबूत राजनीतिक केंद्र माना जाता है।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि शिवपाल सिंह यादव का सीधे तूफानी सरोज के आवास पहुंचकर लंबी बैठक करना सामान्य राजनीतिक शिष्टाचार से कहीं अधिक महत्व रखता है। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियां धीरे-धीरे तेज होने लगी हैं और सभी दल अपने-अपने संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं।
बैठक को लेकर यह भी चर्चा है कि समाजवादी पार्टी जौनपुर सहित पूर्वांचल की सीटों पर अपनी रणनीति को और धार देने की तैयारी में है। पार्टी नेतृत्व स्थानीय स्तर पर मजबूत नेताओं के साथ लगातार संवाद स्थापित कर रहा है ताकि संगठन को अधिक सक्रिय बनाया जा सके।
फिलहाल इस मुलाकात का वास्तविक राजनीतिक संदेश आने वाले दिनों में ही स्पष्ट होगा, लेकिन इतना तय है कि शिवपाल यादव और तूफानी सरोज की यह बंद कमरे की बैठक जौनपुर की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे गई है। अब सबकी नजर समाजवादी पार्टी की आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संभावित रणनीतिक फैसलों पर टिकी हुई है।

Post a Comment

0 Comments