मड़ियाहूं विकासखंड स्थित पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय कुरनी ने नए शैक्षणिक सत्र में नामांकन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए 81 नए बच्चों का प्रवेश दर्ज किया है। विद्यालय की इस सफलता का श्रेय शिक्षकों की मेहनत, खंड शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन तथा सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं को दिया जा रहा है।
विद्यालय में स्मार्ट क्लास, स्वच्छ एवं आकर्षक परिसर, गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण और नियमित साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था है। इन सुविधाओं के चलते विद्यालय मड़ियाहूं ब्लॉक के उत्कृष्ट विद्यालयों में अपनी अलग पहचान बना चुका है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने विद्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्मार्ट क्लास, साफ-सफाई और शिक्षा की गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों की लगन, मेहनत और समर्पण का ही परिणाम है कि विद्यालय में इस वर्ष 81 नए बच्चों का नामांकन हुआ है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि इस शैक्षणिक सत्र में जिस विद्यालय में सर्वाधिक नामांकन होगा, उसे जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने विद्यालय परिवार का उत्साहवर्धन करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

0 Comments