लायंस क्लब जौनपुर रॉयल के अध्यक्ष बने अभिताश गुप्ता, सेवा कार्यों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का लिया संकल्प
जौनपुर। लायंस क्लब्स इंटरनेशनल की स्थानीय शाखा लायंस क्लब जौनपुर रॉयल का चतुर्थ अधिष्ठापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह रविवार देर शाम नगर के एक होटल में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में अभिताश गुप्ता ने क्लब के नए अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। वहीं आशीष गुप्ता को सचिव तथा राजेन्द्र सेठ को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
समारोह के मुख्य अतिथि एवं पूर्व मंडलाध्यक्ष ला. सौरभकांत (सुल्तानपुर) ने कहा कि "क्लब के सेवा कार्य ही उसकी सबसे बड़ी पहचान होते हैं।" उन्होंने कहा कि लायंस क्लब सेवा परमो धर्म की भावना के साथ समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए विश्वभर में कार्य कर रहा है। रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा जैसे कार्य ही किसी क्लब की वास्तविक पहचान बनाते हैं।
कार्यक्रम में काशी से पधारे पूर्व मंडलाध्यक्ष ला. बलबीर सिंह बग्गा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष अभिताश गुप्ता सहित पूरी नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। पदभार ग्रहण करने के बाद अध्यक्ष अभिताश गुप्ता ने कहा कि क्लब की सेवा परंपरा को और अधिक मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी सदस्यों से वर्षभर सहयोग की अपील करते हुए समाजहित के अधिकाधिक सेवा कार्य करने का संकल्प दोहराया।
समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन, ध्वज वंदना एवं भगवान श्री गणेश की वंदना के साथ हुई। पूर्व सचिव अजय सोनकर ने वार्षिक सचिवीय रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि निवर्तमान अध्यक्ष संजीव साहू ने अपने कार्यकाल का विवरण देते हुए सहयोगियों को स्मृति चिन्ह एवं उपहार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष अभिताश गुप्ता ने क्लब में उत्कृष्ट सक्रियता के लिए डॉ. संजीव मौर्य, राजकुमार जायसवाल, संदीप जायसवाल, सन्नी चौधरी, डॉ. दिलीप विश्वकर्मा एवं रजनीश केशरी को लायंस पिन प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व अध्यक्ष मधुसूदन बैंकर एवं पूर्व सचिव अजय सोनकर ने संयुक्त रूप से किया। कोषाध्यक्ष राजेन्द्र सेठ ने मुख्य अतिथि के हाथों लकी ड्रॉ का आयोजन कराया, जिसमें संतोष अग्रहरि, मनोज साहू, रूपेश कसौधन, विनोद अग्रहरि एवं सन्नी चौधरी विजेता रहे।
समारोह में जोन चेयरपर्सन डॉ. राजेश मौर्य, रीजन चेयरपर्सन मनीष अग्रहरि, डिप्टी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर प्रतिमा गुप्ता, सैय्यद मुस्तफा हुसैन, सोमेश्वर केसरवानी, राजकुमार सेठ, सारिका सोनी सहित विभिन्न सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में कार्यक्रम संयोजक विनय कुमार साहू ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में संस्थापक अध्यक्ष अजय गुप्ता तथा पूर्व अध्यक्ष मधुसूदन बैंकर ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष अभिताश गुप्ता एवं उनकी टीम को शुभकामनाएं देते हुए क्लब के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

0 Comments