जौनपुर। होटल बी.आर. पैलेस, नईगंज में ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन, जनपद जौनपुर का अधिवेशन आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष राजेश तिवारी रहे।
जिला अध्यक्ष हरशु सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए सभी कोटेदारों से संगठन के साथ मिलकर कार्य करने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। कार्यकारी जिलाध्यक्ष दयाशंकर निगम ने लखनऊ में आयोजित विशाल प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि 30 से 35 हजार कोटेदारों की भीड़ का प्रदेश अध्यक्ष राजेश तिवारी द्वारा कुशलतापूर्वक नेतृत्व एवं प्रबंधन सराहनीय रहा, जो उनकी नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है।
मड़ियाहूं तहसील अध्यक्ष महेंद्र यादव ने कहा कि जनपद के सभी कोटेदार संगठन के साथ मजबूती से खड़े हैं और प्रदेश नेतृत्व के प्रत्येक निर्णय का पूर्ण रूप से पालन करेंगे। महासचिव पद्माकर उपाध्याय ने भी संगठन को मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव दिए। इस दौरान विभिन्न ब्लॉक एवं तहसील अध्यक्षों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और संगठन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने का संकल्प दोहराया।
अधिवेशन में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जब तक कोटेदारों का कमीशन ₹200 प्रति क्विंटल नहीं किया जाता, तब तक जनपद के सभी कोटेदार राशन का उठान एवं वितरण कार्य बंद रखेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मड़ियाहूं तहसील अध्यक्ष महेंद्र यादव के पुत्र के नेवी पायलट बनने पर उन्हें बधाई दी गई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
सभा के समापन के बाद उपस्थित सभी लोगों के लिए सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था महेंद्र यादव द्वारा कराई गई।

0 Comments