जौनपुर। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्राओं के विभिन्न खेलों में जनपदीय चयन ट्रायल का आयोजन इंदिरा गांधी स्टेडियम में किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर के निर्देशन एवं जिला समन्वयक बालिका शिक्षा शोभा तिवारी की देखरेख में आयोजित प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयनित छात्राएं अब मंडल स्तर पर जनपद जौनपुर का प्रतिनिधित्व करेंगी।
चयन ट्रायल में कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, शतरंज, योगा एवं एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। एथलेटिक्स के जूनियर वर्ग की 100 मीटर दौड़ में निधि जायसवाल (सुजानगंज) ने प्रथम, शिवांसी बिंद (शाहगंज) ने द्वितीय तथा दिव्यां कुमारी (करंजाकला) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ में उजाला चौहान (जलालपुर) प्रथम, तृप्ति पटेल (बरसठी) द्वितीय तथा प्रिया निषाद (धर्मापुर) तृतीय रहीं।
400 मीटर दौड़ में आभा एवं आकृति (महराजगंज) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी। जूनियर वर्ग की गोला फेंक प्रतियोगिता में उजाला (मुक्तिगंज) प्रथम, रुचि (बदलापुर) द्वितीय तथा शालू (जलालपुर) तृतीय रहीं। वहीं सीनियर वर्ग की गोला फेंक प्रतियोगिता में आंचल गुप्ता (सुंईथाकला) ने प्रथम तथा अंशुमा (करंजाकला) ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
बैडमिंटन में आउसी पासवान (खुटहन), मानवी (शाहगंज) एवं पायल मिश्रा (सुंईथाकला) का मंडल स्तर के लिए चयन किया गया। शतरंज प्रतियोगिता में दिव्यांशी (मड़ियाहूं) ने प्रथम तथा आंशी (शाहगंज) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला क्रीड़ा अधिकारी अशोक सोनकर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों में निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
चयन ट्रायल में निर्णायक की भूमिका रवि चंद्र यादव, राकेश कुमार यादव, प्रियंका सिंह, अंकिता यादव, अरुणेश, मनीष सिंह, मनोज यादव, अमित सोनकर एवं सुरेश यादव ने निभाई। इस अवसर पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की वार्डन, व्यायाम शिक्षक एवं लेखाकार सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।

0 Comments