जौनपुर। थाना मड़ियाहूँ की मिशन शक्ति टीम ने पति-पत्नी के बीच चल रहे आपसी मतभेद को काउंसलिंग एवं समझौते के माध्यम से सफलतापूर्वक सुलझा दिया। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से अपने मतभेद समाप्त कर सौहार्दपूर्ण ढंग से साथ रहने का निर्णय लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूँ के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक मड़ियाहूँ के नेतृत्व में मिशन शक्ति फेज-5 के तहत महिला सशक्तीकरण, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता के लिए लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में रविवार, 30 अगस्त 2026 को ग्राम रामपुर खास, थाना मड़ियाहूँ निवासी अंतिमा एवं उनके पति मुन्ना गौतम के बीच आपसी मतभेद के चलते विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। मामले की जानकारी मिलने पर दोनों पक्षों को मिशन शक्ति केंद्र पर बुलाया गया।
मिशन शक्ति टीम ने दोनों पक्षों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और काउंसलिंग के माध्यम से आपसी संवाद, समझदारी एवं सामंजस्य बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। टीम के प्रयासों से पति-पत्नी ने आपसी सहमति से अपने मतभेद दूर करते हुए सुलह-समझौता कर लिया।
काउंसलिंग करने वाली मिशन शक्ति टीम में उपनिरीक्षक इरफान अली, उपनिरीक्षक अशोक यादव, महिला आरक्षी खुशी यादव, महिला आरक्षी वंदना मौर्य एवं महिला आरक्षी सिया गुप्ता शामिल रहीं।

0 Comments