संस्कार भारती जौनपुर की वार्षिक योजना बैठक संपन्न
कला-साहित्य के संरक्षण और संवर्धन के संकल्प के साथ नई कार्ययोजना पर हुआ मंथन
जौनपुर। कला एवं साहित्य के लिए समर्पित अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती जौनपुर की वार्षिक योजना बैठक 16 अगस्त 2026 को नगर स्थित एक बैंक्वेट हॉल में संपन्न हुई। बैठक में विगत वर्ष की कार्यवाही की पुष्टि, वर्षभर किए गए कार्यों का प्रतिवेदन तथा आगामी सत्र की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं ध्येय गीत के साथ हुआ। दीप प्रज्वलन काशी प्रांत की प्रांतीय उपाध्यक्ष श्रीमती सुचरिता गुप्ता, ‘कोशिश’ संस्था के जिला अध्यक्ष श्री जनार्दन प्रसाद अस्थाना, काशी प्रांत के महामंत्री श्री सुजीत, संस्कार भारती जौनपुर के संरक्षक श्री रविन्द्र, अध्यक्ष डॉ. ज्योति दास एवं महामंत्री श्री अमित कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया।
बैठक में महामंत्री श्री अमित कुमार गुप्ता ने संस्था द्वारा विगत वर्ष आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। वहीं कोषाध्यक्ष श्री राजकमल ने संस्था के आय-व्यय का विस्तृत विवरण सदन के समक्ष रखा।
बैठक में संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सदस्यों ने आगामी कार्यक्रमों, गतिविधियों तथा संगठनात्मक विस्तार को लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर ‘कोशिश’ संस्था के जिला अध्यक्ष श्री जनार्दन प्रसाद अस्थाना ने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी संस्था की मजबूत रीढ़ होता है। कार्यकर्ताओं से ही संगठन की शक्ति और पहचान बनती है। उन्होंने कहा कि “असली कार्यकर्ता वही है जो कार्य करता है।” बिना किसी स्वार्थ और भेदभाव के संस्था के कार्यों को आगे बढ़ाने वाला व्यक्ति ही वास्तव में समर्पित कार्यकर्ता है।
काशी प्रांत की प्रांतीय उपाध्यक्ष श्रीमती सुचरिता गुप्ता ने कहा कि आज अनेक लोक कलाएं, लोकगीत एवं लोक संगीत धीरे-धीरे विलुप्त होते जा रहे हैं। ऐसे समय में संस्कार भारती अपने विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोक कलाओं एवं लोक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि संस्कार भारती के कार्यकर्ता तन, मन और धन से इस सांस्कृतिक अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने संस्कार भारती जौनपुर की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां कार्यकर्ताओं के बीच एक-दूसरे के सहयोग और समर्थन की भावना सराहनीय है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जौनपुर इकाई को काशी प्रांत अथवा अखिल भारतीय स्तर पर किसी भी सहयोग की आवश्यकता होगी तो वह सदैव साथ खड़ी रहेंगी।
काशी प्रांत के महामंत्री श्री सुजीत ने कहा कि आज का युवा अनेक प्रकार के भटकाव का सामना कर रहा है। ऐसे समय में संस्कार भारती जैसी संस्था बचपन से ही बच्चों में संस्कार, संस्कृति और रचनात्मकता के बीज बोने का कार्य कर रही है। बाल्यावस्था में मिले संस्कार जीवनभर व्यक्ति का मार्गदर्शन करते हैं।
उन्होंने बताया कि संस्कार भारती कला के पांच प्रमुख विभागों—मंच कला, कला धरोहर, दृश्य कला, लोक कला एवं साहित्य कला—के माध्यम से समाज के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। इन विधाओं के माध्यम से भारतीय कला, संस्कृति एवं परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक प्रमुख श्री रामचंद्र जी का भी आगमन हुआ। उन्होंने संस्कार भारती के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था जमीन से जुड़कर निरंतर कार्य कर रही है और अपनी कार्यशैली के कारण नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।
उन्होंने संस्कार भारती की ग्रीष्मकालीन कार्यशालाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके माध्यम से बच्चों के मन में कला, संस्कृति, अनुशासन एवं अच्छे संस्कारों के बीज बोए जाते हैं। यही बच्चे आगे चलकर समाज और राष्ट्र के लिए अच्छे नागरिक बनने की दिशा में अग्रसर होते हैं।
बैठक के अंत में आगामी सत्र के कार्यक्रमों एवं गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने, अधिक से अधिक लोगों को भारतीय कला एवं संस्कृति से जोड़ने तथा संस्था के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
समापन से पूर्व संस्था के सदस्यों एवं उनके निकट परिजनों के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की गई। दिवंगत आत्माओं की शांति एवं शोकाकुल परिवारों को संबल प्रदान करने के लिए उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखा। इसके पश्चात सामूहिक रूप से ‘वन्दे मातरम्’ का गायन किया गया और वार्षिक योजना बैठक का विधिवत समापन हुआ।
संस्कार भारती जौनपुर की यह वार्षिक योजना बैठक संगठनात्मक मजबूती, भारतीय कला एवं संस्कृति के संरक्षण तथा भावी पीढ़ी को भारतीय संस्कारों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आई।

0 Comments