जौनपुर। थाना सिंगरामऊ पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान (Operation Smile) के तहत तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक गुमशुदा व्यक्ति को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों से मिला दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में गुमशुदा व्यक्तियों की सकुशल बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी बदलापुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सिंगरामऊ के नेतृत्व में पुलिस टीम 30 अगस्त को हाईवे पर गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हाईवे किनारे एक व्यक्ति टहलता हुआ दिखाई दिया।
पुलिस टीम द्वारा पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अमित कुमार गौतम पुत्र रामचन्दर गौतम, निवासी ग्राम सेतापुर, थाना सिंगरामऊ, जनपद जौनपुर बताया। पूछताछ के दौरान वह मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा था। उसने बताया कि वह रात्रि में परिजनों को बिना बताए घर से निकल गया था और बदलापुर की ओर जा रहा था।
पुलिस टीम उसे सुरक्षित थाना सिंगरामऊ लेकर आई और उसके नाम-पते का सत्यापन करने के बाद उसके पिता रामचन्दर गौतम से दूरभाष पर संपर्क किया। परिजनों के थाना पहुंचने और आवश्यक पहचान एवं सत्यापन के उपरांत अमित कुमार गौतम को सकुशल उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से गुमशुदा व्यक्ति को सुरक्षित उसके परिवार से मिलाया जा सका। परिजनों ने पुलिस टीम की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की।
बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक तारकेश्वरनाथ दूबे, कांस्टेबल रजत पाण्डेय एवं कांस्टेबल सतीश कसौधन शामिल रहे।

0 Comments