विद्यालय प्रबंधन समिति, पंचायत प्रतिनिधि एवं अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी : एक्शन एड

विद्यालय प्रबंधन समिति, पंचायत प्रतिनिधि एवं अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी : एक्शन एड
मछलीशहर (जौनपुर)। विकास खंड मछलीशहर के कंपोजिट विद्यालय रामगढ़ में सोमवार, 24 अगस्त 2026 को आदित्य बिड़ला कैपिटल फाउंडेशन के सहयोग से एक्शन एड द्वारा संचालित नई पहल परियोजना के अंतर्गत विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC), पंचायत प्रतिनिधियों (PRI) एवं अभिभावकों के साथ संवाद बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुल 41 लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत सभी उपस्थित लोगों के परिचय से हुई। इसके बाद एक्शन एड के बंशीलाल जी ने जनपद जौनपुर में संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर चर्चा करते हुए विद्यालय प्रबंधन समिति के कार्य, अधिकार एवं दायित्वों के बारे में बताया।
बैठक में बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन, नियमित उपस्थिति एवं विद्यालय में ठहराव सुनिश्चित करने के साथ-साथ विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं के विकास में अभिभावकों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं समुदाय की सहभागिता पर विशेष जोर दिया गया। आपदा से निपटने तथा आपदा से पूर्व आवश्यक तैयारियों के संबंध में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर बाल श्रम एवं बाल विवाह की रोकथाम, महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा तथा उनके अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर परिचर्चा हुई। बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम-2009 एवं बाल श्रम संशोधन अधिनियम के प्रावधानों पर भी चर्चा की गई तथा आवश्यक हेल्पलाइन नंबर 112, 1090 एवं 1098 के बारे में जानकारी दी गई।
विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष मनीषा ने कहा कि इस प्रकार की बैठकें नियमित रूप से आयोजित होती रहनी चाहिए, ताकि विद्यालय एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सभी मिलकर बेहतर प्रयास कर सकें।
कार्यक्रम में एक्शन एड से मीना जी, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, वार्ड सदस्य, अभिभावक एवं समुदाय के लोग, प्रधानाध्यापिका श्रीमती ऊषा देवी, पूजा उमर, पारसनाथ यादव, प्रताप चंद यादव, आनंद कुमार, सभाजीत, ब्लॉक अध्यक्ष रोहित यादव तथा ग्राम प्रधान चतुरी राम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने एक्शन एड के कार्यों की सराहना करते हुए विद्यालय एवं बच्चों के हित में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

Post a Comment

0 Comments