स्कूल की गाड़ियों पर शिक्षा विभाग का शिकंजा, फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी

बरसठी, जौनपुर। विद्यालयों में संचालित छात्र-छात्राओं की गाड़ियों की फिटनेस व्यवस्था को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी गौतम प्रसाद ने क्षेत्र के सनरेज इंग्लिश मीडियम स्कूल बरसठी, PMS इंग्लिश स्कूल मियांचक और गुरुकुल इंग्लिश मीडियम स्कूल मियांचक का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में संचालित वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र सहित आवश्यक मानकों की जांच की गई। जांच के समय विद्यालय प्रबंधन द्वारा वाहनों के वैध फिटनेस प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि दो दिन के भीतर सभी संबंधित वाहनों के वैध फिटनेस प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्र-छात्राओं के आवागमन में लगे वाहनों के लिए निर्धारित सुरक्षा एवं तकनीकी मानकों का पालन अनिवार्य है।

उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय के भीतर फिटनेस प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं किए गए अथवा वाहन निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे तो संबंधित विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षा विभाग की इस सख्ती के बाद विद्यालय संचालकों में हलचल मच गई है। वहीं, विभाग की कार्रवाई को विद्यार्थियों की सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments