तिरंगे के रंग में रंगा प्राथमिक विद्यालय गोहदा, बच्चों ने दिया देशभक्ति का संदेश

तिरंगे के रंग में रंगा प्राथमिक विद्यालय गोहदा, बच्चों ने दिया देशभक्ति का संदेश

सिकरारा, जौनपुर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत प्राथमिक विद्यालय गोहदा, सिकरारा में देशभक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह और गर्व के साथ राष्ट्रप्रेम का संदेश देते नजर आए।

विद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में बच्चों ने तिरंगे झंडे के साथ सामूहिक रूप से सहभागिता की। केसरिया, सफेद और हरे रंग से सजे तिरंगों के बीच बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बच्चों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान प्रदर्शित करते हुए देश की एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया।

इस अवसर पर अध्यापिका नूपुर श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में बच्चों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। उन्होंने बच्चों को तिरंगे के महत्व और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में बचपन से ही राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।

विद्यालय परिसर में आयोजित यह गतिविधि आकर्षण का केंद्र रही। तिरंगे के साथ बच्चों की सामूहिक प्रस्तुति ने स्वतंत्रता दिवस से पहले विद्यालय के माहौल को पूरी तरह देशभक्तिमय बना दिया। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से बच्चों ने देश के प्रति सम्मान, एकता और गौरव का संदेश दिया।

Post a Comment

0 Comments