ऑपरेशन मुस्कान: कोतवाली पुलिस ने 4 वर्षीय बच्ची को परिजनों से मिलाया

ऑपरेशन मुस्कान: कोतवाली पुलिस ने 4 वर्षीय बच्ची को परिजनों से मिलाया

जौनपुर। ऑपरेशन मुस्कान (SMILE) अभियान के तहत थाना कोतवाली नगर पुलिस एवं मिशन शक्ति टीम ने सराहनीय पहल करते हुए कोतवाली चौराहे पर रोती हुई मिली चार वर्षीय बच्ची को सकुशल उसके परिजनों से मिला दिया। पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर की शाम को सूचना मिली कि एक करीब चार वर्षीय बच्ची कोतवाली चौराहे पर रो रही है और अपने परिजनों को तलाश रही है। सूचना मिलते ही मिशन शक्ति टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को अपनी सुरक्षा में लेकर उसके परिजनों की तलाश शुरू की।पुलिस टीम ने बच्ची से जानकारी लेने का प्रयास करने के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ और प्रचार-प्रसार कराया। लगातार प्रयास के बाद बच्ची के परिजनों का पता चल गया। परिजनों द्वारा बच्ची की पहचान किए जाने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उसे सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया। बच्ची के सकुशल वापस मिलने पर परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने कोतवाली पुलिस एवं मिशन शक्ति टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की तत्परता की सराहना की। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के दिशा-निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के निकट पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक चरण सिंह (प्रभारी मिशन शक्ति टीम), कांस्टेबल तेजभवन, महिला कांस्टेबल अर्चना मौर्या एवं महिला कांस्टेबल रोली सिंह शामिल रहीं।

Post a Comment

0 Comments