शैक्षिक गुणवत्ता, डिजिटल उपस्थिति, नामांकन और विद्यालयों की स्वच्छता पर दिया जोर
जौनपुर, 28 सितम्बर। बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित महत्वपूर्ण गतिविधियों एवं क्रियाकलापों के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर विकासखंड मुंगरा बादशाहपुर के समस्त प्रधानाध्यापकों एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों की मासिक समीक्षा बैठक सोमवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र मुंगरा बादशाहपुर के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने प्रतिभाग किया।
बैठक में एनबीएमएमसी पोर्टल के आधार पर डेटा एनालिसिस, यू-डायस पोर्टल पर बच्चों का आधार एवं नवीन नामांकन शत-प्रतिशत करने, प्रेरणा पोर्टल पर समय-सारिणी एवं बच्चों की डिजिटल उपस्थिति दर्ज करने, स्मार्ट क्लास के माध्यम से बच्चों के शैक्षिक अधिगम को बढ़ाने तथा डिजिटल लाइब्रेरी के प्रभावी उपयोग पर चर्चा की गई। इसके साथ ही प्रेरणा डीबीटी एप पर बच्चों की फोटो अपलोड करने, इंस्पायर अवार्ड एवं राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा में अधिक से अधिक नामांकन कराने के निर्देश दिए गए।
खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. अविनाश सिंह ने अपने संबोधन में विद्यालय परिसर, कक्षा-कक्ष एवं शौचालयों की साफ-सफाई, प्रार्थना सभा के दौरान स्वच्छ आदतों का विकास, गुणवत्तापूर्ण एवं मेन्यू के अनुसार मध्याह्न भोजन वितरण तथा बच्चों को निपुण बनाने एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने पर विशेष जोर दिया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने SHVR, नशा मुक्त विद्यालय पोर्टल पर पंजीकरण, जन्म प्रमाण पत्र बनवाने में अभिभावकों का सहयोग करने तथा विभिन्न प्रकार की लंबित पेंडेंसी को समाप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड के छात्रों द्वारा बनाई गई पेंटिंग की सराहना करते हुए इस प्रकार की गतिविधियों को जारी रखने तथा प्रत्येक माह अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।
बैठक में विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता सुधार के साथ-साथ विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया गया।

0 Comments