चाइनीज मांझे ने युवक की गर्दन काटी

जौनपुर। शहर में चाइनीज मांझे का खतरा लगातार बना हुआ है। रविवार को रसीदाबाद क्षेत्र में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की गर्दन कट गई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल की पहचान खालिद अहमद उर्फ सब्बू, निवासी हमाम दरवाजा, जौनपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि खालिद पछातिया के पास कारपेंटर की दुकान चलाते हैं। वह दुकान से रसीदाबाद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में फंस गया, जिससे गर्दन कट गई और वह लहूलुहान हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल युवक को उमरनाथ सिंह जिला चिकित्सालय, जौनपुर पहुंचाया। वहां वरिष्ठ सर्जन डॉ. सैफ हुसैन खान ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उपचार शुरू किया। डॉक्टर और उनकी टीम ने घायल की गर्दन पर 10 टांके लगाए और उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी।

वरिष्ठ सर्जन डॉ. सैफ हुसैन खान ने बताया कि चाइनीज मांझा बेहद धारदार और खतरनाक होता है। इसकी चपेट में आने से गर्दन जैसी संवेदनशील जगह पर गंभीर चोट लग सकती है। घायल युवक को अगले 24 घंटे चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाएगा।

बताया गया कि हादसे के समय बाइक की गति अधिक नहीं थी। इसके बावजूद अचानक चाइनीज मांझे की चपेट में आने से युवक की गर्दन पर गंभीर चोट लग गई। समय पर अस्पताल पहुंचने और तत्काल उपचार मिलने से युवक को आवश्यक चिकित्सा सहायता मिल सकी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि चाइनीज मांझे से आए दिन राहगीरों और बाइक सवारों के घायल होने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Post a Comment

0 Comments