मेरे सपनों का भारत : चित्रकला, भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित

( सोहराब )
जौनपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर ब्लॉक स्तरीय चित्रकला, भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन सार्वजनिक इंटर कॉलेज, मुंगरा बादशाहपुर के सभागार में किया गया। कार्यक्रम में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने अपनी चित्रकारी और प्रभावशाली भाषण शैली से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख मुंगरा बादशाहपुर श्री सत्येंद्र कुमार सिंह एवं विशिष्ट अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जौनपुर श्री समीर ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सार्वजनिक इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
कक्षा 5 से 8 तक के 40 छात्र-छात्राओं ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर अपने विचारों को कैनवास पर चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। वहीं कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों की पेंटिंग प्रतियोगिता में 60 तथा भाषण प्रतियोगिता में 30 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
कक्षा 5 से 8 पेंटिंग प्रतियोगिता में ए.एम. इंटरनेशनल, मुंगरा बादशाहपुर की अलीशा सोनी ने प्रथम, कंपोजिट विद्यालय सटवां के रिशु विश्वकर्मा ने द्वितीय तथा कंपोजिट विद्यालय गरियाव की सुनैना मौर्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कक्षा 9 से 12 पेंटिंग प्रतियोगिता में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय काछीडीह नडार की अनन्या मौर्या प्रथम, सार्वजनिक इंटर कॉलेज मुंगरा बादशाहपुर की अर्पिता यादव द्वितीय तथा श्री गिरिजा शंकर तिवारी इंटर कॉलेज नीभापुर की आंचल मिश्रा तृतीय रहीं।
भाषण प्रतियोगिता में श्री गिरिजा शंकर तिवारी इंटर कॉलेज के अभिषेक मिश्रा ने प्रथम, इसी विद्यालय की आकृति गुप्ता ने द्वितीय तथा हिंदू बालिका इंटर कॉलेज मुंगरा बादशाहपुर की अलशिफा परवेज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. अविनाश सिंह ने अतिथियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों की प्रतिभाओं को निखारने का अवसर मिलता है तथा उन्हें अपनी रुचि के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
विशिष्ट अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री समीर ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चे ‘सपनों के भारत’ की परिकल्पना को साकार करने के लिए अभी से प्रयास शुरू करें। उन्होंने कहा कि बच्चों के प्रयासों से वर्ष 2047 तक विकसित भारत की अवधारणा को मूर्त रूप देने में महत्वपूर्ण योगदान मिल सकता है।
मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख श्री सत्येंद्र कुमार सिंह ने विकासखंड की शैक्षिक उन्नति के लिए खंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की तथा शिक्षा के क्षेत्र में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का संचालन श्री रवि शंकर यादव ने किया। अंत में सार्वजनिक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री दिनेश कुमार ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर राजेंद्र प्रसाद, डॉ. धर्मदेव, सीमा, अजीत, विजय, प्रवीण, शशिधर, मुलायम, डॉ. रत्न शंकर, संजय, चित्रसेन, दिनेश, विनय, रमाकांत, गोविंदमोहन, सुषमा, उपेंद्र, संदीप, राहुल, हंसराज, अनुज एवं राज्य पुरस्कार से सम्मानित संजय कुमार मिश्र सहित सार्वजनिक इंटर कॉलेज मुंगरा बादशाहपुर का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Post a Comment

0 Comments