रामपुर, जौनपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर के निर्देश के क्रम में हिंदी दिवस के अवसर पर प्राथमिक विद्यालय चकईपुर, रामपुर में विद्यार्थियों के लिए श्रुतलेख एवं ड्रॉइंग प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए अपनी लेखन क्षमता, रचनात्मक सोच एवं कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
श्रुतलेख प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को शुद्ध एवं स्पष्ट लेखन, सही वर्तनी तथा ध्यानपूर्वक सुनकर लिखने का अभ्यास कराया गया। वहीं, ड्रॉइंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और सृजनात्मक सोच को रंगों के माध्यम से कागज पर खूबसूरती से उकेरा।
विद्यालय की ओर से बताया गया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, आत्मविश्वास, सृजनात्मकता और अभिव्यक्ति की क्षमता का विकास करना है। सभी विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर बच्चों को हिंदी भाषा के महत्व से परिचित कराते हुए बताया गया कि हिंदी हमारी भाषा ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और पहचान की महत्वपूर्ण अभिव्यक्ति है।

0 Comments