जमीन विवाद में मारपीट के बाद घायल की मौत, चार आरोपी गिरफ्तार

जमीन विवाद में मारपीट के बाद घायल की मौत, चार आरोपी गिरफ्तार
चन्दवक पुलिस ने हत्या से संबंधित मामले में आलाकत्ल डंडा किया बरामद

जौनपुर। चन्दवक थाना क्षेत्र के परसादीपुर (उमरवार) गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में चन्दवक पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा (आलाकत्ल) भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, गांव निवासी राजकुमार गौड़ ने थाना चन्दवक में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 15 अक्टूबर 2026 की शाम करीब पांच बजे जमीन विवाद को लेकर विपक्षियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की। शोर सुनकर उनका पुत्र किशन गौड़ बीच-बचाव करने पहुंचा तो उसके साथ भी मारपीट की गई, जिससे दोनों घायल हो गए। घायल राजकुमार गौड़ की 17 अक्टूबर की रात अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

मामले में थाना चन्दवक पर मुकदमा अपराध संख्या 311/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 115(2), 352 और 351(2) में मुकदमा दर्ज किया गया था।

ये चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में राजकुमार वर्मा (59), राहुल वर्मा उर्फ राजेश्वर वर्मा (45), राजू वर्मा उर्फ राजीव (करीब 35) और बुद्धु वर्मा उर्फ रामप्रीत वर्मा (करीब 30), निवासी परसादीपुर (उमरवार), थाना चन्दवक, जौनपुर को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर अनंत चंद्रशेखर के दिशा-निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी केराकत और थाना प्रभारी चन्दवक के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेश्वर पाण्डेय, उपनिरीक्षक सुरेश कुमार तिवारी, कांस्टेबल विजय यादव और कांस्टेबल दुर्गेश चौधरी शामिल रहे।

Post a Comment

0 Comments