नौनिहालों के चेहरों पर खिली मुस्कान, बीएसए समीर ने बांटी दीपावली की खुशियां

(सोहराब )
जौनपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने बीआरसी सिरकोनी के निकट स्थित प्राथमिक विद्यालय बाकराबाद पहुंचकर बच्चों के साथ दीपावली का पर्व हर्षोल्लास एवं आत्मीयता के साथ मनाया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय में कुछ समय बिताते हुए बीएसए ने बच्चों से उनके पठन-पाठन एवं शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में संवाद किया। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, पुस्तकालय, मध्याह्न भोजन, फल एवं दूध वितरण, पाठ्य सहगामी गतिविधियों तथा खेलकूद की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर बीएसए ने बच्चों को शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण का महत्व भी समझाया। उन्होंने वृक्षारोपण करने, नदियों एवं तालाबों को स्वच्छ रखने, जलस्रोतों में कूड़ा-कचरा न डालने तथा प्लास्टिक की पॉलिथीन का प्रयोग न करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही ई-कचरा प्रबंधन के बारे में जानकारी देते हुए उसके दुष्परिणामों से भी अवगत कराया।

बीएसए को अपने बीच पाकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। उनके द्वारा पूछे गए सवालों का बच्चों ने उत्साहपूर्वक एवं संतोषजनक जवाब दिया। बच्चों के साथ आत्मीय संवाद के बाद बीएसए समीर ने सभी विद्यार्थियों एवं विद्यालय के समस्त स्टाफ को मिठाई खिलाई और दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

बीएसए का बच्चों के प्रति यह स्नेहपूर्ण व्यवहार उनके लिए उत्साहवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा। विद्यालय परिवार ने बच्चों को स्नेह, मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments